आगरा मंडल के स्टेशनों और ट्रेनों में चला विशेष स्वच्छता अभियान

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश जीआरपी रेलवे स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — फरहान खान 

आगरा। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत आगरा मंडल में स्टेशनों और ट्रेनों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए विशेष स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 21 और 22 सितंबर को “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ जन” थीम के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को आगरा मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष और गहन सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्रियों से जुड़े प्रमुख स्थानों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के दौरान सफाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति की भी जांच की जा रही है। साथ ही सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) उपलब्ध हैं या नहीं, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है। आगरा मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्टेशनों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म को प्लास्टिक मुक्त रखने के उद्देश्य से भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वहीं ‘स्वच्छ रेलगाड़ी’ अभियान के तहत चिन्हित और विशेष ट्रेनों का अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की टीम द्वारा गहन निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान ट्रेनों के शौचालयों, कोच के अंदर और बाहरी हिस्सों की सफाई व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले लिनेन की गुणवत्ता तथा ओबीएचएस ट्रेनों में पैंट्रीकार की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का उद्देश्य अभियान के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ रेलवे परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। रेलवे की ओर से यात्रियों और आमजन से अपील की गई है कि वे स्टेशन और ट्रेनों में कूड़ा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का ही इस्तेमाल करें और प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचें।आगरा मंडल ने यात्रियों से ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि रेलवे स्टेशन और ट्रेनें स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण प्रदान कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *