आगरा में सीआईएससीई रीजनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। सेंट कॉनरेड इंटर कॉलेज, आगरा–मथुरा बाईपास, खंदारी में आयोजित तीन दिवसीय सीआईएससीई रीजनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को शानदार समापन हुआ। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई 35 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। तीन दिनों में कुल 57 रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अभिनव सिंह पुंडीर (पूर्व अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित), डॉ. हरि सिंह (सचिव, आगरा बास्केटबॉल), विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर विपिन कुजूर, मैनेजर फादर ग्रेसियन तथा उप-प्रधानाचार्य फादर मार्शल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का सर्वश्रेष्ठ माध्यम हैं।

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम

अंडर-19 बालक वर्ग: फाइनल में कानपुर ने बेहद रोमांचक मुकाबले में गाज़ियाबाद को 50-48 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।

अंडर-19 बालिका वर्ग: मेरठ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता, जबकि गोरखपुर उपविजेता रहा।

अंडर-17 बालक वर्ग: गाज़ियाबाद ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 60-55 से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

अन्य मुकाबलों में मेरठ की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 32 अंकों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की।

 

मेजबान आगरा की टीमों ने भी प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आगरा की अंडर-17 टीम सेमीफाइनल तक पहुंची, जबकि अंडर-19 टीम ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *