आगरा में कांग्रेस का विरोध मार्च रोका: मंदिरों के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कानून पुलिस प्रशासन

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय एवं प्रदेश प्रभारी राजेंद्र कुमार गौतम के आह्वान पर मंगलवार को आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में चढ़ावे एवं दान राशि में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। जैन मंदिर, छीपीटोला से मनकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा तक प्रस्तावित विरोध मार्च को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार (करवार), प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनोज जैन बोहरा तथा पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध मार्च में शामिल होने पहुंचे, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी। इस दौरान अनुज शिवहरे, आशीष प्रिंस सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर धरना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जब तक हिरासत में लिए गए सभी साथियों को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बाद में पुलिस द्वारा सभी कार्यकर्ताओं को रिहा किए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और दान राशि से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस आगे भी आवाज उठाती रहेगी। इस प्रदर्शन में रामनाथ सिकरवार, मनोज जैन बोहरा, देवेंद्र कुमार चिल्लू, राम टंडन, अनुज शिवहरे, आशीष प्रिंस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *