24 घंटे में मोबाइल छिनैती गैंग का भंडाफोड़, 8 मोबाइल और बाइक बरामद

City/ STATE'S CRIME आगरा उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन शाशन / प्रशासन स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिस उद्दीन 

आगरा। कमिश्नरेट आगरा की शाहगंज पुलिस ने राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने वाले शातिर गिरोह का मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3.5 लाख रुपये कीमत के 8 छीने गए मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को एक युवक ने थाना शाहगंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कमलानगर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उसका मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे। विरोध करने पर आरोपी उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गए और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना शाहगंज पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बारहखंभा डबल फाटक के पास से शिवम चौहान और अमित गौतम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके एक बाल अपचारी साथी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कई मोबाइल छिनैती की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुनसान और व्यस्त मार्गों पर राहगीरों को निशाना बनाते थे। मोबाइल छीनने के बाद उन्हें बेचकर अवैध लाभ कमाते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों के कुल 8 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बाल अपचारी के रिश्तेदार की थी, जिसका इस्तेमाल वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था। गिरोह का एक अन्य सदस्य गौरव मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इस सफल कार्रवाई को थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *