तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय परिसर, आगरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय कुमार मलिक द्वारा पौधारोपण कर की गई।

इस अवसर पर अपर जिला जज अमरजीत, कुंदन किशोर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शारिब अली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव दिव्या चौधरी सहित न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं प्राधिकरण के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण मानव जीवन की मूल आवश्यकता है। वृक्ष न केवल प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण प्रदान करने में भी सहायक होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वृक्षारोपण अभियान में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।





