20 अगस्त को ताजमहल निहारेगा 240 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ताजमहल

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट- फरहान खान/ राजकुमार मीना 

आगरा। जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के नेतृत्व में 240 सदस्यीय उच्चस्तरीय जापानी सीईओ प्रतिनिधिमंडल 20 अगस्त को आगरा पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल ताजमहल का भ्रमण करने के साथ ही आगरा में निवेशकों के साथ राउंड टेबल मीटिंग में भी हिस्सा लेगा। जापानी प्रतिनिधिमंडल का भारत और उत्तर प्रदेश दौरा 18 से 23 अगस्त 2026 तक प्रस्तावित है।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के आगरा आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 20 अगस्त को जापानी प्रतिनिधिमंडल ताजमहल का भ्रमण करेगा। इसके बाद जेपी पैलेस में निवेशकों के साथ राउंड टेबल मीटिंग प्रस्तावित है। कार्यक्रम के उपरांत प्रतिनिधिमंडल लखनऊ के लिए रवाना होगा। 240 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रतिनिधिमंडल के लिए प्रोटोकॉल, सुरक्षा, गाइड, गोल्फ कार्ट, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजामों के लिए विभागों के बीच समुचित समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जापानी प्रतिनिधिमंडल का आगरा दौरा उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जापानी प्रतिनिधियों के सामने प्रदर्शित करने के साथ ही भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक, आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग को मजबूत करना तथा प्रदेश और आगरा में निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है। इसके अलावा कौशल विकास, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक संबंधों को भी इस दौरे से गति मिलने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अनुसार जापानी प्रतिनिधिमंडल के लिए 19 अगस्त को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में एक विशाल कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद 20 अगस्त को आगरा भ्रमण होगा, जबकि 21 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उच्चस्तरीय जापान-उत्तर प्रदेश बिजनेस प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी, जापानी प्रतिनिधिमंडल तथा प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है।प्रतिनिधिमंडल द्वारा गौतम बुद्ध नगर/ग्रेटर नोएडा, आगरा और वाराणसी में भी विभिन्न कार्यक्रमों एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया जाएगा। जापानी प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश, औद्योगिक सहयोग और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके साथ ही कौशल विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में प्रदेश की क्षमता एवं प्रतिबद्धता को भी प्रतिनिधिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *