11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए युवक की मौत

City/ STATE'S उत्तर प्रदेश फिरोजाबाद

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

फिरोजाबाद। थाना एका क्षेत्र में छह अगस्त की रात 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे युवक उमेश कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। गुरुवार तड़के करीब चार बजे उन्होंने लोटस अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही एका कस्बे में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया।परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद उमेश का प्राथमिक उपचार फिरोजाबाद में कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें लोटस अस्पताल रेफर किया गया, जहां कई दिनों तक उपचार के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उमेश का पार्थिव शरीर एका पहुंचा। नगर पंचायत कार्यालय के सामने पार्थिव शरीर रखे जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी, महिलाएं और बुजुर्ग मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए विद्युत विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। करीब 30 मिनट तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारी और स्थानीय लोग मुआवजे की राशि नगद दिए जाने की मांग पर अड़े रहे। विरोध के बीच पूर्व नगर पंचायत प्रतिनिधि योगेश लोधी ने मृतक के परिवार को दो लाख रुपये की नगद आर्थिक सहायता प्रदान की। सूचना मिलने पर एसडीएम जसराना और थाना प्रभारी एका भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति की जानकारी ली और लोगों से बातचीत की। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने विद्युत व्यवस्था की जांच कर भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *