तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। बिचपुरी विकास खंड में शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आठ शिक्षकों के विषय नियमों के विपरीत बदले जाने के आरोप लगे हैं, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि शिक्षिकाओं सीमा और सुधा रानी की सहमति के बिना उनके विषय बदल दिए गए। दोनों शिक्षिकाओं ने दावा किया है कि उनके नाम से दिए गए प्रार्थना पत्रों पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं और उन्होंने विषय परिवर्तन के लिए कोई आवेदन नहीं दिया था। जांच के दौरान मानव संपदा पोर्टल और जारी समायोजन सूची में भी अंतर पाया गया है, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राकेश कुमार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर कनिष्ठ लिपिक पंकज सारस्वत के निलंबन की संस्तुति भी की गई है। प्रारंभिक जांच में निधि गौतम, सीमा, सुधा रानी, रचना बुलाटिया, महेंद्र सिंह बघेल, आभा रानी जैन, अंजना वर्मा और डॉ. कल्पना शर्मा के नाम सामने आए हैं। शिक्षा विभाग अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, केवल बिचपुरी ही नहीं बल्कि अन्य विकास खंडों की शिक्षक समायोजन सूची की भी जांच कराई जा सकती है, ताकि यदि कहीं और भी अनियमितताएं हुई हों तो उनका खुलासा हो सके।





