तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
मीरजापुर । मीरजापुर पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र के राजेंद्र नगर भटवा की पोखरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना हुई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 15 जुलाई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार पटेल (निवासी वाराणसी) और शिवम मौर्या (निवासी सोनभद्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 195 पायल, 238 बिछिया, 37 सफेद धातु की अंगूठियां, 144 पीली धातु की अंगूठियां, 10,100 रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी के आभूषण बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस के अनुसार, राजकुमार पटेल पर वाराणसी, चंदौली, बाराबंकी और गाजीपुर समेत विभिन्न जिलों में 29 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवम मौर्या के खिलाफ मीरजापुर और सोनभद्र में चोरी एवं गैंगस्टर एक्ट सहित 6 मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक, उपनिरीक्षक महेंद्र पटेल, उपनिरीक्षक आनंद शंकर सहित थाना कोतवाली कटरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





