तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के नगला तारा निवासी डिम्पल और उनके पति चंद्रप्रकाश के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का पुलिस की पहल से शांतिपूर्ण समाधान हो गया। डिम्पल ने पिंक बूथ चौकी पर शिकायती प्रार्थना पत्र देकर पति पर शराब पीकर गाली-गलौज करने और घर के खर्च के लिए पैसे नहीं देने का आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक सविता सेंगर के नेतृत्व में महिला हेड कांस्टेबल कल्पना शर्मा और महिला कांस्टेबल भारती राजपूत ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया। पुलिस टीम ने पति-पत्नी की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और चंद्रप्रकाश को पारिवारिक जिम्मेदारियों को समझते हुए भविष्य में पत्नी के साथ ऐसा व्यवहार न करने की हिदायत दी। पुलिस की समझाइश का असर हुआ और चंद्रप्रकाश ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में शराब का सेवन नहीं करने, मेहनत कर रोजगार करने तथा परिवार के खर्च के लिए नियमित रूप से पैसे देने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से लिखित समझौता कराया गया। शिकायतकर्ता डिम्पल ने पुलिस की पहल और कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। पुलिस की समझाइश से घरेलू विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होने के बाद क्षेत्र में पुलिस की इस पहल की सराहना की जा रही है। इस कार्रवाई से पुलिस ने विवादों को केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित रखने के बजाय आपसी समझ और संवाद के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाने का संदेश भी दिया।





