तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ अजेंद्र चौहान
आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सिकंदरा मंडी से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के जोश से लबरेज यात्रा का शुभारंभ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण कर तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया।

तिरंगा यात्रा सिकंदरा मंडी से शुरू होकर सिकंदरा चौराहा, आवास विकास कॉलोनी, जगदीशपुरा, लोहामंडी और माड़ियाकटरा होते हुए दीवानी चौराहा पहुंची। यहां स्थापित भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं नमन करने के बाद यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान युवाओं में जबरदस्त देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर युवा ‘भारत माता की जय’ और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। तिरंगे से सजे वाहनों और देशभक्ति के नारों से पूरा यात्रा मार्ग राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।

आयोजकों ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विहिप जिला उपाध्यक्ष करन गर्ग, कपिल खुशालानी, सारांश बजरंगी, शिवम अग्रवाल, कार्तिक मुदगल, हिमांशु, सोहन सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और राष्ट्रभक्त शामिल हुए।





