तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/मोनिस उद्दीन
आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान ने गुरुवार को आगरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एत्मादपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाइयों की उपलब्धता और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के एक वार्ड में गंदगी मिलने पर डॉ. बबिता चौहान ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने अस्पताल में महिलाओं की सुविधाओं का भी जायजा लिया और कहा कि महिला मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल को दो सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि महिलाओं और किशोरियों को आवश्यक सुविधाएं आसानी से मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में साफ-सफाई, दवा वितरण, महिला स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की सुविधा से जुड़े सभी कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।





