तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। शहर की पॉश कॉलोनी कमला नगर में जर्जर सड़क और गहरे गड्ढे को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेता नितिन कोहली ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सीढ़ी लगाकर सड़क के गहरे गड्ढे में उतरते हुए इसे “पाताल लोक का रास्ता” बताया और प्रशासन व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नितिन कोहली ने भाजपा सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की प्रमुख कॉलोनियों की सड़कें भी बदहाल हैं, जिससे आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और कहा कि लंबे समय से गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। सपा नेता के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुरक्षित बनाने की मांग की है।





