तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। बिना उचित एवं पर्याप्त कारण ट्रेन की अलार्म चेन खींचकर रेल संचालन बाधित करने वालों के खिलाफ आगरा मंडल में रेलवे ने सघन अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के दिशा-निर्देशन में अप्रैल से अगस्त 2026 तक 1567 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन मामलों में रेलवे ने कुल 1,25,280 रुपये जुर्माना वसूला।

रेल प्रशासन के अनुसार, केवल अगस्त 2026 में बिना उचित कारण अलार्म चेन खींचने (ACP) वाले 170 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनसे जुर्माना वसूला गया।आगरा मंडल के वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे यात्रियों पर कार्रवाई की जा रही है, जो बिना पर्याप्त कारण अलार्म चेन खींचते हैं। रेलवे का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से ट्रेनों के संचालन में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होता है और अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अगस्त महीने में आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कार्रवाई की गई। आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर 58, आगरा किला स्टेशन पर 6, मथुरा जंक्शन पर 85, अछनेरा जंक्शन पर 7 और कोसीकलां स्टेशन पर 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना उचित एवं पर्याप्त कारण के ट्रेन की अलार्म चेन न खींचें। ऐसा करना दंडनीय अपराध है। रेलवे ने कहा कि अनावश्यक चेन पुलिंग से ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों को असुविधा होती है और ट्रेन संचालन भी प्रभावित होता है। आगरा मंडल ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।





