तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। सादाबाद के एक सर्राफ कारोबारी द्वारा 40 लाख रुपये की लूट का दावा किए जाने के बाद पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। मामला खंदौली क्षेत्र के घूंसा के पास का बताया जा रहा है, जहां कारोबारी ने आरोप लगाया कि बाइक सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया और तमंचे के बल पर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। कारोबारी रामवीर के अनुसार, लूटी गई रकम में 21 लाख रुपये बैंक से लिया गया ऋण था, जबकि 19 लाख रुपये अन्य कारोबारियों के थे। हालांकि, पुलिस को इस घटना की सूचना दो घंटे से अधिक समय बाद मिलने के कारण मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फिलहाल कारोबारी से कोल्ड स्टोरेज में बैठाकर पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।





