तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
बहराइच। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सोमवार को बहराइच पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। सपा के PDA जन संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए श्याम लाल पाल ने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारी शिकस्त देने जा रही है। कार्यक्रम में मटेरा विधायक मारिया शाह समेत समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बढ़ती महंगाई, छात्रों के मुद्दों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार को घेरा।

श्याम लाल पाल ने कहा कि मौजूदा सरकार में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। त्योहारों का सीजन आने वाला है और ऐसे समय में चीनी समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्राइमरी स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जबकि विश्वविद्यालयों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता में नाराजगी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में यही नाराजगी मतदान के रूप में सामने आएगी। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, शिक्षा और अन्य जनहित के मुद्दों का जवाब चुनाव में देगी। PDA जन संवाद कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से संगठन ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।





