तहकीक़ात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा विकसित अटलपुरम टाउनशिप फेज-1, फेज-2 एवं फेज-3 में आवंटन से शेष बचे आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुरुवार को मंडलायुक्त आगरा मंडल श्री नगेन्द्र प्रताप ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

एडीए के अनुसार योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के कुल 462 आवासीय भूखंड उपलब्ध हैं। इनमें ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी, एचआईजी और सुपर एचआईजी श्रेणी के प्लॉट शामिल हैं। प्राधिकरण ने बताया कि इच्छुक आवेदक 14 मई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया उत्तर प्रदेश शासन के जनहित पोर्टल एवं आगरा विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। एडीए अधिकारियों के मुताबिक योजना के तहत शहरवासियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। योजना में सबसे अधिक 198 भूखंड एचआईजी श्रेणी में तथा 171 भूखंड सुपर एचआईजी श्रेणी में उपलब्ध हैं। इसके अलावा एमआईजी-3 के 46, एमआईजी-1 के 16, एलआईजी के 12 और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 19 भूखंड भी शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की समस्या होने पर आवेदक हेल्पलाइन नंबर 0562-2510070 एवं 9084407890 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही प्राधिकरण कार्यालय स्थित जन सहायता केंद्र पर कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सहायता प्राप्त की जा सकती है।





