तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। आगरा के रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का मुद्दा राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने संसद में उठाया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा सहित देशभर के रेलवे स्टेशनों की स्थिति को लेकर पूछे गए उनके सवाल के लिखित जवाब में रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने बताया कि आगरा ईदगाह जंक्शन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अछनेरा, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर विकास कार्य तेजी से जारी हैं। सांसद नवीन जैन ने सरकार से पूछा था कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा के स्टेशनों पर क्या प्रगति हुई है, यात्रियों के लिए कौन-कौन सी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, कितना कार्य पूरा हो चुका है और अब तक कितना खर्च किया गया है। रेल मंत्री के लिखित उत्तर के अनुसार अछनेरा रेलवे स्टेशन पर नए स्टेशन भवन का संरचनात्मक कार्य, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म शेल्टर, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं लिफ्ट, प्लेटफॉर्म सुधार, दिव्यांगजन सुविधाओं और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य कार्य प्रगति पर हैं। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर पार्किंग, प्रवेश क्षेत्र, प्लेटफॉर्म सुधार और स्टेशन परिसर के विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जबकि दूसरे प्रवेश द्वार की ओर स्टेशन भवन के उन्नयन का कार्य शुरू हो चुका है। फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग और प्लेटफॉर्म शेल्टर सहित अधिकांश विकास कार्य पूरे हो चुके हैं तथा लिफ्ट लगाने का काम प्रारंभ कर दिया गया है। राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, बुकिंग काउंटर, पार्किंग, प्लेटफॉर्म सुधार और अन्य यात्री सुविधाओं का कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। सांसद नवीन जैन ने कहा कि आगरा विश्व पर्यटन के प्रमुख केंद्रों में शामिल है और यहां प्रतिदिन हजारों पर्यटक एवं यात्री पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि संसद में यह मुद्दा उठाने का उद्देश्य आगरा के लोगों को विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना था। रेल मंत्री ने अपने जवाब में यह भी बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1,340 रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है। इनमें से 261 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से काम जारी है। योजना के लिए अब तक ₹46,704 करोड़ का आवंटन किया गया है और जून 2026 तक ₹38,132 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। योजना के तहत स्टेशन भवनों का आधुनिकीकरण, बेहतर प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, दिव्यांगजन सुविधाएं, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग और अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





