ऑपरेशन अमानत- आगरा मंडल में यात्रियों को लौटाया 36.85 लाख रुपये का खोया सामान

City/ STATE'S NATIONAL आगरा उत्तर प्रदेश जीआरपी रेलवे स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना 

आगरा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अमानत’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। आगरा मंडल में अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में मिले यात्रियों के करीब 302 सामान को सही पहचान और सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित वापस सौंपा गया। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 36 लाख 85 हजार 572 रुपये आंकी गई है।रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा श्री एस. रामकृष्णन के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन स्टाफ लगातार यात्रियों की सहायता में जुटे हुए हैं। ‘ऑपरेशन अमानत’ के माध्यम से यात्रियों के खोए हुए सामान को तलाशने, सुरक्षित रखने और उचित सत्यापन के बाद उन्हें वापस लौटाने का कार्य किया जा रहा है।

बैग, मोबाइल और लैपटॉप सहित कीमती सामान लौटाया

अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ की टीम ने यात्रियों के छूटे हुए बैग, मोबाइल फोन, लैपटॉप, पर्स और जरूरी दस्तावेजों सहित अन्य कीमती वस्तुओं को बरामद किया। इसके बाद संबंधित यात्रियों की पहचान और सामान के स्वामित्व का सत्यापन किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर सामान उनके मालिकों को सौंप दिया गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अभियान में कर्मचारियों ने सतर्कता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम किया। यात्रियों का सामान सुरक्षित वापस पहुंचाना रेलवे कर्मचारियों की कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यात्रियों का भरोसा मजबूत करने की पहल

‘ऑपरेशन अमानत’ का प्रमुख उद्देश्य यात्रियों को यह भरोसा दिलाना है कि यात्रा के दौरान उनका कोई सामान छूट जाने पर उसे तलाशने और वापस दिलाने के लिए रेलवे प्रशासन प्रयासरत है। आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ द्वारा निगरानी रखी जाती है, ताकि लावारिस या छूटी हुई वस्तुओं को सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही रेलवे की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी समय-समय पर बरामद सामान की जानकारी साझा की जाती है। इससे यात्रियों को अपने खोए हुए सामान की पहचान करने और उसे वापस प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने बैग, मोबाइल फोन, पर्स, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। ट्रेन से उतरते समय अपनी सीट, सामान रखने की जगह और आसपास के क्षेत्र की जांच अवश्य कर लें। यदि यात्रा के दौरान कोई वस्तु छूट जाती है, तो यात्री तत्काल नजदीकी रेलवे स्टेशन या रेलवे सुरक्षा बल को इसकी सूचना दें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी संपर्क किया जा सकता है। रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सहायता के लिए इस तरह के जनसेवा अभियान आगे भी जारी रहेंगे। ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत लौटाया गया सामान न केवल यात्रियों को आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद कर रहा है, बल्कि रेलवे के प्रति उनके विश्वास को भी मजबूत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *