तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। भूजल सप्ताह-2026 के तहत सोमवार को जनपद आगरा में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। फतेहपुर सीकरी से लेकर आगरा शहर तक किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, नगर निकाय कर्मचारियों और पर्यटकों को भूजल संरक्षण का महत्व बताते हुए जल बचाने की शपथ दिलाई गई। ग्राम जैताना, फतेहपुर सीकरी में भूगर्भ जल विभाग की टीम ने ग्राम विकास एवं बाल विकास सेवा समिति, ग्राम प्रधान, नाबार्ड और किरावली रेंज वन विभाग के सहयोग से किसानों एवं ग्रामीणों के साथ भूजल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान भूजल संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प दिलाया गया।

वहीं, नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी के सभागार में कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को दैनिक जीवन में भूजल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन की सरल और प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी गई तथा जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा बुलंद दरवाजा पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इसी क्रम में भूगर्भ जल विभाग, आगरा द्वारा ईशान इंजीनियरिंग कॉलेज में रेनवाटर हार्वेस्टिंग विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में वर्षा जल संचयन की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीनियर जियोफिजिसिस्ट शंशाक शेखर सिंह ने विद्यार्थियों से भूजल का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल संचयन को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भूजल सप्ताह केवल एक सप्ताह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। यह अभियान जनपद में जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और भूजल संवर्धन को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।





