तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – इस्लाम अब्बास
आगरा। कोतवाली थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां कृष्णा पाल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी तुषार वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी पर युवती को लगातार परेशान करने और उसका पीछा करने का आरोप है। पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी पहले भी इस मामले में लिखित रूप से माफी मांग चुका था, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। शिकायत में आरोपी पर तेजाब की बोतल लेकर धमकाने और घर में घुसने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां ने यह भी बताया है कि आरोपी के साथ 2-3 अज्ञात युवक भी शामिल थे। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दिए जाने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और आरोपी के साथ बताए गए अज्ञात युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।





