तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। पवित्र सावन मास के प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान के साथ शहर के प्रमुख शिव मंदिरों और यमुना घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरीकेडिंग, पेयजल, मेडिकल कैंप और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले कैलाश महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर और यमुना घाट पर चल रही तैयारियों का अवलोकन किया तथा मंदिर के महंतों से व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने नगर निगम को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रैंप, मेडिकल कैंप, बैरीकेडिंग, फव्वारा, नियमित सफाई, डस्टबिन, सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम ने बल्केश्वर महादेव मंदिर और यमुना स्थित पार्वती घाट का निरीक्षण किया। यहां नगर निगम को बैरीकेडिंग, रैंप निर्माण और सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए। वहीं राजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एडीएम सिटी ने सभी मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, कांवड़ियों के प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग बैरीकेडिंग, रूट डायवर्जन और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसरों की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

यमुना के कैलाश घाट और पार्वती घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरीकेडिंग, पीएसी जल पुलिस, निजी गोताखोरों, सीसीटीवी कैमरों और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर निगम को पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पीडब्ल्यूडी को मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस और प्रशासन संयुक्त रूप से व्यापक तैयारियों में जुटे हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर विक्रम राघव, एसीपी अमीषा वर्मा, श्वेता वर्मा सहित नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





