आगरा में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर डीएम मनीष बंसल ने जनप्रतिनिधियों संग की अहम बैठक

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के संभाजन (रेशनलाइजेशन) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद, विधायक तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची को अंतिम रूप देने से पहले सुझाव और आपत्तियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का विभाजन कर नए मतदेय स्थल बनाए जा रहे हैं। आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदेय स्थल मतदाताओं के निवास से अधिकतम दो किलोमीटर की दूरी के भीतर हों, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मतदेय स्थलों की अंतिम सूची 18 जुलाई 2026 को जारी की जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया गया है, जिसमें नए मतदान केंद्रों के लिए उपयुक्त भवनों का चयन, मतदाताओं की सुविधा और मतदान केंद्रों की पहुंच का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

बैठक में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदेय स्थलों के पुनर्गठन को लेकर अपने सुझाव भी रखे। जिलाधिकारी ने सभी प्राप्त सुझावों पर मौके पर जाकर जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर, विधायक चौधरी बाबूलाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाह, छोटेलाल वर्मा, भाजपा से महेश शर्मा, विजय भदौरिया, यशपाल राणा, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ चतुर्वेदी, समाजवादी पार्टी से समीर अब्बास, सीपीआई से रामनाथ शर्मा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *