CDO ने फसल बीमा, मूंग खरीद, मोती उत्पादन और महिला सहभागिता बढ़ाने के दिए निर्देश

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं और प्रगति कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, फसल बीमा के दायरे का विस्तार करने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सहकारिता विभाग को निर्देश दिए गए कि जनपद में संचालित मूंग क्रय केंद्रों की जानकारी दैनिक समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से व्यापक स्तर पर प्रचारित की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। उप कृषि निदेशक एवं फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक किसानों का फसल बीमा कराया जाए। साथ ही विभागीय योजनाओं को आपस में जोड़ते हुए फसल प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी मिल सके। बैठक में खेत तालाब योजना के लाभार्थियों को मत्स्य विभाग की योजनाओं से जोड़ने और मोती उत्पादन योजना को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल की बुवाई से पहले मिट्टी की जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाए तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दी गई संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहे। बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कृषि एवं संबद्ध योजनाओं का लाभ जिले के अधिक से अधिक किसानों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *