तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
मथुरा। गोवर्धन थाना क्षेत्र की इंद्रा नगर कॉलोनी में एक नाबालिग से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक बाबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश व्याप्त है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान बिज्जो हरिदास बाबा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राधाकुंड का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह करीब एक वर्ष पहले गोवर्धन की इंद्रा नगर कॉलोनी में मकान खरीदकर रहने लगा था। आरोप है कि एक महिला अपनी नाबालिग बच्ची के साथ उसके मकान में रह रही थी, जहां नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म की घटना हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों और महिलाओं में भारी नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।





