आगरा मेट्रो के द्वितीय कॉरिडोर में बड़ी उपलब्धि प्राथमिक सेक्शन की पाइलिंग पूरी

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश मेट्रो

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। ताजनगरी में मेट्रो विस्तार की दिशा में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच निर्माणाधीन मेट्रो के द्वितीय कॉरिडोर के प्राथमिक सेक्शन आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक पाइलिंग फाउंडेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही कॉरिडोर के शेष हिस्से में सिविल निर्माण कार्य ने भी रफ्तार पकड़ ली है।

यूपीएमआरसी के मुताबिक द्वितीय कॉरिडोर के प्राथमिक सेक्शन में कुल 1988 पाइल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। वहीं पूरे आगरा कैंट-कालिंदी विहार कॉरिडोर में कुल 4096 पाइल, 762 पाइलकैप और 762 पियर बनाए जाने हैं। इनमें से अब तक 3335 पाइल, 530 पाइलकैप और 481 पियर का निर्माण पूरा हो चुका है।निर्माण कार्य को गति देने के साथ ही लगभग 285 पियरकैप और 205 यू-गर्डर का परिनिर्माण भी किया जा चुका है। डौकी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप और यू-गर्डर समेत अन्य प्री-कास्ट संरचनाओं की कास्टिंग का कार्य लगातार जारी है। मेट्रो के सिविल निर्माण के साथ अब स्टेशनों पर फिनिशिंग का काम भी शुरू कर दिया गया है। आगरा कैंट और सदर मेट्रो स्टेशन पर पत्थर लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। इसके साथ ही जल्द ही दोनों स्टेशनों पर विभिन्न सिस्टम्स से जुड़े कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

गौरतलब है कि आगरा में कुल 29.4 किलोमीटर लंबे दो मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिन पर कुल 27 स्टेशन होंगे। इनमें करीब 14 किलोमीटर लंबा प्रथम कॉरिडोर ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बनाया जा रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशन हैं, जिनमें छह एलिवेटेड और सात भूमिगत स्टेशन शामिल हैं। प्रथम कॉरिडोर के छह किलोमीटर लंबे प्राथमिक सेक्शन में मेट्रो का संचालन पहले से ही सफलतापूर्वक किया जा रहा है। वहीं करीब 16 किलोमीटर लंबे द्वितीय कॉरिडोर का निर्माण आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच किया जा रहा है। इस कॉरिडोर में 14 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जा रहे हैं।द्वितीय कॉरिडोर में पाइलिंग से लेकर पियर, पियरकैप, यू-गर्डर और स्टेशन निर्माण तक कार्य तेजी से आगे बढ़ने से आगरा में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की तस्वीर अब और स्पष्ट होती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *