तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशानुसार विकास खंड बिचपुरी के मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र, मिढ़ाकुर में महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (HEW) की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर वर्तिका दीक्षित एवं जेंडर स्पेशलिस्ट शिखा दीक्षित ने महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र महिलाओं को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला अधिकार, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर विस्तार से जागरूक किया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1098 और 112 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनके उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

कार्यक्रम में महिलाओं को बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति सजग रहने तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं तक भी सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने का संदेश दिया गया। अंत में जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए और प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर मिढ़ाकुर क्षेत्र की सुपरवाइजर शुभांगी वर्मा सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।





