आगरा पुलिस का हथियार तस्करों पर बड़ा प्रहार: अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

City/ STATE'S CRIME आगरा उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी 

आगरा। कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9 एमएम की 11 अवैध अत्याधुनिक पिस्टल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक राजस्थान का निवासी है, जबकि दूसरा आगरा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। लंबे समय से गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया और उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ये हथियार विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस राज्य से लाए जाते थे, किन माध्यमों से उनकी तस्करी होती थी और किन लोगों तक उनकी आपूर्ति की जाती थी। गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यदि समय रहते इस गिरोह का खुलासा नहीं होता तो आगामी प्रधानी और विधानसभा चुनाव के दौरान इन हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों या चुनावी माहौल को प्रभावित करने में किया जा सकता था। ऐसे में इसे चुनाव से पहले कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास, वित्तीय लेनदेन और राजस्थान समेत अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *