तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान / इस्तिकार खान
आगरा में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा का आयोजन जिले के 49 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 22,776 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस तरह दोनों पालियों में कुल 45,552 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की नकल या गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिले में 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी करने और किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से बस अड्डों पर हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत प्रतिबंधित सामग्री लेकर प्रवेश न करें। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी, नकल अथवा अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का पूरा फोकस परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने पर है। परीक्षा केंद्रों से लेकर प्रमुख मार्गों और बस अड्डों तक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर अधिकारियों की नजर रहेगी।





