विधान परिषद चुनाव को लेकर आगरा में तैयारियां तेज, डीएम मनीष बंसल ने दो मतदान स्थलों का किया निरीक्षण

City/ STATE'S Exclusive NATIONAL POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / इस्तिकार खान 

आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आगरा प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बरौली अहीर स्थित कार्यालय क्षेत्र पंचायत में बनाए गए शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के मतदान स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षक निर्वाचन के मतदेय स्थल संख्या 15 और स्नातक निर्वाचन के मतदेय स्थल संख्या 33 का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।

मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों मतदान स्थलों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का पहले ही सत्यापन कर लिया जाए। जिन व्यवस्थाओं में कमी दिखाई दे, उन्हें समय रहते दुरुस्त कराया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान की गोपनीयता बनाए रखने और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन में प्रत्येक चरण का निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न होना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान स्थलों पर सभी व्यवस्थाएं इस तरह सुनिश्चित की जाएं, जिससे मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। साथ ही निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

समय से पूरी की जाएं निर्वाचन संबंधी तैयारियां

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर ली जाए, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की कमी सामने न आए। मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा और मतदान की गोपनीयता को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है। ऐसे में प्रशासन मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में जुटा है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर विक्रम राघव, नायब तहसीलदार प्रियंका चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *