तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्तिकार खान
आगरा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर आगरा में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) का कार्य लगातार जारी है। नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टूंडला रोड स्थित वेयरहाउस-02 में गुरुवार को FLC प्रक्रिया के दूसरे दिन सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जांच प्रक्रिया पूरी की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। वेयरहाउस को खोलने और बंद करने के दौरान भी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा ईवीएम-वीवीपैट की FLC कराई जा रही है। यह प्रक्रिया 02 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक वेयरहाउस-02 में चलेगी। अपर जिलाधिकारी नगर/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधार चौहान ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार एफएलसी नोडल अधिकारी सैंडिश गुप्ता की उपस्थिति में प्रक्रिया पूरी की गई। दूसरे दिन 25 मशीन इंजीनियरों द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में 306 बैलेट यूनिट (BU), 273 कंट्रोल यूनिट (CU) और 253 VVPAT की FLC की गई। जांच से संबंधित पूरा विवरण EMS पर भी दर्ज किया गया। FLC स्थल पर सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंडी समिति स्थित FLC क्षेत्र में पूर्ण बैरिकेडिंग की गई है। एफएलसी हॉल में प्रवेश और निकास के लिए एकल मार्ग निर्धारित किया गया है। सभी कार्मिकों के पहचान-पत्र की जांच के साथ साफ-सफाई, पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। एफएलसी स्थल की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती कर 24 घंटे सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। हॉल में टेबल, कुर्सी, पंखे, कूलर और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरे और लाइव वेबकास्टिंग के लिए वेब कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम भी सुनिश्चित किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार ईवीएम के भंडारण और सुरक्षा से संबंधित प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनुअल के अनुरूप की जा रही है। एफएलसी की पूरी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। एफएलसी का कार्य 21 सितंबर तक जारी रहेगा।





