तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्लाम अब्बास
फिरोजाबाद। सिरसागंज एक बार फिर सुर्खियों में है। गुरुवार शाम मुख्य बाजार स्थित इटावा रोड पर एक ज्वेलर्स की दुकान से चेन देखने के बहाने पहुंचे युवक ने दुकानदार को चकमा देकर दो सोने की चेन लेकर फरार हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दो युवक कार से पीपी ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे थे। इनमें से एक युवक दुकान के अंदर गया और दुकानदार सुजल व उज्ज्वल से सोने की चेन दिखाने को कहा। चेन देखने के दौरान आरोपी वीडियो कॉल पर किसी को चेन दिखाता रहा। इसी दौरान आरोपी ने दो सोने की चेन अपने गले में पहन लीं और अचानक दुकान से बाहर खड़ी कार की ओर दौड़ लगा दी। दुकानदारों ने शोर मचाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पहले से बाहर खड़ी कार में सवार होकर अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार और सीओ चंचल त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपी और उसके साथी की पहचान तथा तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





