तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। थाना सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में उस समय हड़कंप मच गया जब LIU (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बारिस्ता कैफे सहित मॉल के अन्य कैफे में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कैफे संचालकों और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, बारिस्ता कैफे में कपल्स के मिलने और कथित अवैध गतिविधियों से जुड़ी लगातार शिकायतें मिलने के बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने कैफे में मौजूद लोगों से पूछताछ की और पहचान संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की। संयुक्त टीम ने नंद प्लाजा में स्थित अन्य कैफे में भी जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने कैफे संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की। फिलहाल पुलिस और LIU पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





