तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा । ब्रह्माजी के 10वें मानस पुत्र एवं प्रजापति समाज के आराध्य गुरु महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती पर शनिवार को आगरा में भव्य आयोजन हुआ। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने जीआईसी ग्राउंड स्थित महाराजा दक्ष चौक पर प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर लगभग 1000 बाइकों की विशाल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जीआईसी ग्राउंड से शुरू हुई रैली एम.जी. रोड होते हुए सूरसदन सभागार पहुंची, जहां आयोजित समारोह में समाज के लोगों ने महाराजा दक्ष प्रजापति के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज की एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया। रैली में हजारों की संख्या में प्रजापति समाज के लोगों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि “महाराजा दक्ष प्रजापति का जीवन समाज को संगठन, संस्कृति, सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा देता है।” उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक समरसता और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पूरे आयोजन के दौरान समाज का उत्साह, अनुशासन और एकजुटता देखने को मिली। विशाल बाइक रैली ने शहर में आकर्षण का केंद्र बनकर समाज की गौरवशाली परंपरा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी आयोजकों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती की शुभकामनाएं दीं।





