तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्थित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन दूसरा” अभियान के तहत अनधिकृत वेंडरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। अप्रैल से जून 2026 के दौरान कुल 905 अनधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई करते हुए ₹2,24,325 का जुर्माना वसूला गया। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में रेलवे परिसर और ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वालों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि अनधिकृत वेंडिंग यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए खतरा होने के साथ-साथ रेलवे नियमों का भी उल्लंघन है। इसलिए ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमित रूप से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री एवं अन्य वस्तुएं केवल अधिकृत वेंडरों से ही खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए “ऑपरेशन दूसरा” अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





