तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिस उद्दीन
आगरा। साइबर सेल और थाना हरीपर्वत पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लैपटॉप ठगी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पुराने बस स्टैंड के पास से तीन पुरुष अभियुक्तों और एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 38 लैपटॉप और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक संजय प्लेस स्थित फर्म “एम्पायर कंप्यूटर सर्विसेज” से 25 डेल लैपटॉप की ठगी की गई थी। महिला अभियुक्ता ने खुद को “Amadeus IT Groups” की कर्मचारी बताकर कंपनी से संपर्क किया और बड़ी संख्या में लैपटॉप का ऑर्डर दिया। भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिए, लेकिन भुगतान किए बिना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल और थाना हरीपर्वत पुलिस ने जांच शुरू की। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग ठगी कर महंगे लैपटॉप हासिल करता था और बाद में राह चलते लोगों को बेहद कम कीमत, करीब 10 से 20 हजार रुपये में बेच देता था।

बरामद किए गए लैपटॉप में डेल, एचपी और लेनोवो जैसी कंपनियों के महंगे सिस्टम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 6.5 लाख रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि महिला अभियुक्ता और मुख्य आरोपी पहले भी नागपुर में इसी तरह के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है। एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





