9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, तैयारियों की समीक्षा बैठक में जनपद न्यायाधीश ने दिए सख्त निर्देश

आगरा उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — फरहान खान

आगरा। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर आगरा में तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आज जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय कुमार मलिक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी 9 मई 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी श्री अमरजीत, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शारिब अली, विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिवानंद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव श्री पंकज कुमार-प्रथम सहित सभी न्यायिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल किए जाने वाले मामलों में कम से कम दो बार नोटिस भेजना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नोटिस की सही तरीके से तामील (डिलीवरी) पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत के लिए संदर्भित किया जाए, ताकि अधिकाधिक वादों का निस्तारण कर आम जनता को शीघ्र न्याय मिल सके और राष्ट्रीय लोक अदालत को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।गौरतलब है कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का निपटारा किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *