तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / देवेंद्र राजपूत
आगरा। गांधी जयंती के मौके पर आगरा में नाथूराम गोडसे के तर्पण कार्यक्रम को लेकर गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। यमुना किनारे बेलनगंज स्थित यमुना आरती स्थल पर हिंदू महासभा की ओर से तर्पण, हवन-पूजन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम प्रस्तावित था। कार्यक्रम के लिए हिंदू महासभा के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं होने की बात कहते हुए उन्हें रोक दिया।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम को लेकर पुलिस और हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प की भी सूचना सामने आई। पुलिस ने मौके पर मौजूद कार्यक्रम से संबंधित सामान को कब्जे में ले लिया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य गांधी जयंती का विरोध करना नहीं था। संगठन की ओर से कहा गया कि पितृपक्ष के दौरान नाथूराम गोडसे का तर्पण किया जाना था और इसी उद्देश्य से कार्यक्रम रखा गया था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस बल बढ़ा दिया गया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कार्यक्रम को लेकर हुई कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होने लगी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।





